आरजेएस परीक्षा में निकिता ने हासिल की 27वीं रैंक:परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल, मिठाइयां खिलाकर दी बधाई

राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) परीक्षा के शुक्रवार को घोषित परिणामों में चूरू के रतननगर निवासी निकिता ने प्रदेशभर में 27वीं रैंक प्राप्त की है। इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने मिठाइयां खिलाकर बधाई दी। विधि सत्संग संस्था के महेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि निकिता ने यह सफलता चूरू अंचल में गुरुदेव महावीर सिंह यादव द्वारा स्थापित विधि सेवाओं की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हासिल की है। यह उपलब्धि क्षेत्र में न्यायिक सेवाओं के प्रति बढ़ते रुझान और सकारात्मक वातावरण का प्रमाण है। निकिता के पिता दिलीप कुमार मीणा एक स्कूल में व्याख्याता हैं, जबकि उनकी माता संतोष देवी गृहिणी हैं। पारिवारिक संस्कारों, शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर प्रोत्साहन ने निकिता के आत्मविश्वास को मजबूत किया। उन्होंने वर्ष 2024 से आरजेएस परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। अपनी सफलता का श्रेय निकिता ने अपने पिता, परिवारजनों, विधि सत्संग संस्था, आरजेएस चंद्रशेखर पारीक, विधि महाविद्यालय के प्राचार्य श्रवण सैनी और महेंद्र सैनी को दिया। उन्होंने कहा कि ‘कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार, गुरुजनों व ईश्वर के आशीर्वाद से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।’

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *