बालाघाट जिले के हट्टा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों से 115 लीटर कच्ची महुआ शराब और दो बाइक जब्त की हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 6 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अलग-अलग जगहों पर की गई घेराबंदी हट्टा थाना प्रभारी अविनाश राठौर ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। कोडपाटोला-लोहारा मार्ग पर पुलिस ने कृष्णा दशहरे और दीपक उपवंशी को पकड़ा। इनके पास से 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब और एक बाइक बरामद की गई। दूसरी कार्रवाई में भी शराब बरामद इसी तरह गोंडीटोला परासपानी-लोहारा मार्ग पर पुलिस ने योगेश बनवाले और रितेश नागेश्वर को पकड़ा। इनके पास से 55 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब और एक अन्य मोटरसाइकिल जब्त की गई। सभी आरोपी जेल भेजे गए पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ थाना हट्टा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इनकी रही अहम भूमिका इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक विजय पटले, नंदकिशोर दोनाड़े, प्रधान आरक्षक निखलेश अग्निहोत्री, विनोद कुमरे, द्वारिका नारायण दुबे, कमलेश भौतेकर, नंदकिशोर ठाकुर, आरक्षक अविनाश गोनकर, महिला आरक्षक आशा उइके और अभिषेक मालवनीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


