जालोर में वकील से बदसलूकी का मामला सामने आया है। वकील एमपीआर के मामले में एसपी के सामने अपने क्लाइंट के बयान दर्ज करवाने पहुंचा था, लेकिन एसपी के नहीं होने पर उन्हें कोतवाली पुलिस स्टेशन भेज दिया गया। आरोप है कि कोतवाली थाने में सीआई रामेश्वर लाल भाटी ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद वकील एकजुट हो गए और आज जालोर के मुख्य न्यायाधीश दिनेश कुमार गुप्ता से मिल कर कार्रवाई की मांग की। मामले में मुख्य न्यायाधीश ने एसपी को तलब किया है। साथ ही सोमवार तक जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है। वकील बोला- क्लाइंट के बयान दर्ज करवाने पहुंचे थे
पीड़ित वकील तुलसीराम पुरोहित का कहना है कि गुजरात में दर्ज एमपीआर मामले में गुमशुदा गुजरात निवासी उनके क्लाइंट ने जोधपुर के आर्य समाज में शादी कर ली। मामला एमपीआर होने के कारण उन्हें जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह के सामने पेश करने के लिए लाए थे। लेकिन लेट होने और 7 बजे ऑफिस बंद होने का समय होने से जांच अधिकारी(आईओ) आने में लेट हो गया। रात अधिक होने पर एसपी ने दोनों पीड़ित व वकील को कोतवाली थाने भेज दिया। करीब 10 बजे के गुजरात से आए जांच अधिकारी बयान के लिए मेरे क्लाइंट को सीआई रामेश्वर भाटी के ऑफिस में लेकर गए। वहां कुछ समय बाद सीआई रामेश्वर लाल भाटी ने थाने में ही एक कमरे में बयान लेने के लिए भेजा, जहां मुझ प्रार्थी वकील के साथ सीआई रामेश्वर भाटी, पुलिसकर्मी बाबूलाल और सिविल ड्रेस पहने अन्य पुलिसकर्मी मेरे साथ धक्का-मुक्की व बदसलूकी करने लगे। पीड़ित बोला- मेरी शर्ट की कॉलर पकड़कर धक्का मारा
पीड़ित वकील का कहना है कि घटना के दौरान जब मैंने उन्हें रोका तो मुझे खींचकर थाने से बाहर ले जाने लगे और मुझे धमकाते हुए कहने लगे कि यह तुम्हारा कोर्ट नहीं है, यह हमारा थाना है, यहां हम चाहेंगे वहीं करेंगे, तू वकालात मत कर तब मेरे साथी वकील मोबाइल से वीडियो बनाने लगे तो भाटी ने वीडियो बनाने वाले वकील को भी धमकाया और मोबाइल जबरदस्ती खींचकर लें लिया और मुझे कहा कि तू कूडी भगतासनी की घटना यहां करना चाहता है। इसके बाद मेरी शर्ट की कॉलर पकड़कर धक्का मारा। मुझे वीडियो भी नहीं बनाने दिया गया। इसके कारण मेरे पास कोई सबूत नहीं है, लेकिन थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाए तो सच सामने आ जाएगा। घटना के बाद शुक्रवार को मैंने अपने अन्य वकील साथियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी वकीलों ने जालोर के मुख्य न्यायाधीश को मिल कर कार्रवाई की मांग की। डीजे ने एसपी को तलब किया, मांगी रिपोर्ट
जालोर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष खंसाराम परिहार ने बताया- जालोर कोतवाली थाने में पीड़ित व क्लाइंट के साथ बयान दर्ज कराने गए वकील तुलसीराम पुरोहित के साथ जालोर कोतवाल रामेश्वर लाल भाटी के द्वारा अभद्रता करने की शिकायत पर मुख्य न्यायाधीश दिनेश कुमार गुप्ता ने जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह को तलब किया है। साथ ही कोर्ट में बार एसोसिएशन के सदस्य व पीड़ित वकील के साथ वार्ता कर एसपी से मामले की सोमवार तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है। इसके बाद सभी वकीलों ने कोर्ट के सामने वकील एकता के नारे लगाते हुए निकल गए। एसपी बोले- मामले की जांच करेंगे
जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह ने बताया- एमपीआर में जालोर कोतवाली में बयान दर्ज कराने के लिए गए वकील के साथ कोतवाल रामेश्वर लाल भाटी के द्वारा अभद्रता करने की मुख्य न्यायाधीश को रिपोर्ट देकर शिकायत की हैं। इसके बाद डीजे साहब के सामने वकीलों के साथ मीटिंग हुई। मामले को लेकर जालोर एसपी से जांच की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


