पार्षद निशा देवलिया का निर्वाचन अब शून्य नहीं:जिला कोर्ट का आदेश खारिज; कांग्रेस प्रत्याशी को विजेता घोषित करने का फैसला खारिज

भाजपा वार्ड 44 की पार्षद पद को लेकर दो साल से चल रहा विवाद पर अब विराम लग गया है। इंदौर हाई कोर्ट ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए भाजपा पार्षद निशा रूपेश देवलिया के पक्ष में निर्णय दिया है। हाईकोर्ट ने न केवल जिला कोर्ट द्वारा पार्षद का निर्वाचन शून्य घोषित करने के आदेश को रद्द कर दिया, बल्कि कांग्रेस प्रत्याशी को विजेता घोषित करने के फैसले को भी पूरी तरह खारिज कर दिया। नगर निगम चुनाव 2022 में वार्ड 44 से भाजपा प्रत्याशी निशा देवलिया ने भारी वोटो से जीत दर्ज की थी। हालांकि कांग्रेस की रनर-अप प्रत्याशी नंदिनी मिश्रा (नंदिनी आशीष मिश्रा) ने चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए जिला कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि निशा देवलिया ने नामांकन के दौरान प्रस्तुत शपथ-पत्र में अपनी संपत्ति से जुड़ी जानकारी छुपाई और संपत्ति कर में विसंगतियां कीं। यह था मामला मामला छोटी खजरानी क्षेत्र स्थित निशा देवलिया के करीब 1600 वर्गफीट के भवन से जुड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप था कि यह मकान व्यावसायिक (कमर्शियल) उपयोग का है, लेकिन चुनावी शपथ-पत्र में इसे आवासीय दर्शाया गया। वहीं रजिस्ट्री में 1142 वर्गफीट के चद्दर वाले मकान का उल्लेख था, जबकि नगर निगम को 200 वर्गफीट आवासीय मकान का ही टैक्स चुकाया जा रहा था। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव को अवैध बताते हुए कोर्ट की शरण ली थी। जिला कोर्ट में सुनवाई के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से अधिवक्ता केपी गणगोरे ने तर्क दिया था कि मकान करीब 25 साल पुराना है और उसकी रजिस्ट्री कमर्शियल बताती है, इसलिए शपथ-पत्र में दी गई जानकारी भ्रामक है। जिला अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार करते हुए निशा देवलिया का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया था और कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी मान लिया था। इस आदेश के खिलाफ भाजपा पार्षद निशा देवलिया ने हाई कोर्ट की शरण ली थी। जस्टिस न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने दोनों पक्षों के तर्क, दस्तावेजों और रिकॉर्ड का विस्तार से परीक्षण करने के बाद निचली अदालत के फैसले को असंगत ठहराया। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निर्वाचन को शून्य घोषित करने और दूसरे प्रत्याशी को विजेता ठहराने का आधार टिकाऊ नहीं है। हाईकोर्ट के इस फैसले के साथ ही वार्ड 44 से निर्वाचित भाजपा पार्षद निशा रूपेश देवलिया की सदस्यता विधिवत बहाल हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *