रतलाम के डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज में मरीज के अटेंडरों ने हॉस्पिटल में तैनात सुरक्षा गार्ड को पीट दिया। सुरक्षा गार्ड ने अटेंडर को बिना पास के अंदर जाने से रोका था। साथ बिड़ी, सिगरेट व अन्य सामग्री की जांच करवाने को कहा। इससे अटेंडर के साथ आए लोग भड़क गए। गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाने आए महिला व पुरुष गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई। मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह 9 बजे मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर 2 की है। प्राइवेट कंपनी के सुरक्षा गार्ड जितेंद्र परमार ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मारपीट की जानकारी अन्य सुरक्षा गार्ड व हाउस कीपिंग कर्मचारियों को लगी तो भीड़ एकत्र हो गई। मारपीट करने वालों के पीछे दौड़े। मारपीट करने वाले अपने आपको बचाते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित पुलिस चौकी में पहुंच गए। अपने आपको कमरे में बंद कर लिया। इस दौरान सभी सुरक्षा गार्ड पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए। मारपीट करने वालों को बाहर निकालने को लेकर हंगामा करने लगे। इस दौरान पुलिस व मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर भी पहुंचे। सभी ने अपना काम बंद कर दिया। मारपीट व हंगामे के बाद मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. विनय शर्मा ने सभी सुरक्षा गार्ड से बातचीत की। पुलिस कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधिकारियों से भी बात कर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दोपहर 3 बजे बाद सभी काम पर लौटे। वहीं घायल सुरक्षा गार्ड को मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
सुरक्षा गार्ड जितेंद्र ने रिपोर्ट में बताया कि गेट नंबर 02 पर पर मेरी व एक अन्य सुरक्षा गार्ड बलवंत भूरिया की ड्युटी सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक की ड्युटी लगी थी। सुबह करीब 9 बजे गेट पर तीन चार व्यक्ति आए। अंदर जाने लगे तो मैने व बलवंत भूरिया ने गेट पास के बारे में पूछा। उन्होंने गेट पास नहीं होना बताकर हमारे साथ लात-घूसों से पीटा। गालियां देने लगे। बीचबचाव कर छुड़ाया मारपीट में जितेंद्र चेहरे व अन्य जगह पर चोट लगी है। बलवंत को दाहिने हाथ व अन्य जगह चोटे आई है। मारपीट के दौरान चिल्लाचोट की आवाज सुनकर सुपरवाईजर अजय मालवीय, सुरक्षाकर्मी सपना सिसोदिया, रंजना सिंह, सुपरवाईजर मनीष आए। बीचबचाव कर छुड़ाया। हम गांधी नगर के दादा रिपोर्ट में बताया कि मारपीट करने वालों ने जाते जाते कहा कि हम लोग गांधीनगर रतलाम के दादा है। हमे लोग जितेंद्र, अभय, संजय बोलते है। लोगों से हमारे बारे में पुछ लेना। तीनों एक दुसरे को जितेंद्र, अभय व संजय नाम लेकर बोल रहे थे। हमें मेडिकल कालेज रतलाम में आने से रोका तो तुम लोगों को जान से खत्म कर देंगे। तीनों के खिलाफ केस दर्ज
बाद में बलवंत को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया। थाना औद्योगिक क्षेत्र ने मारपीट करने वाले जितेंद्र, अभय व संजय तीनों निवासी गांधी नगर के खिलाफ धारा 296 (b), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉ. प्रदीप मिश्रा ने बताया महिला मरीज के पास पहले से दो अटेंडर अंदर मौजूद थे। कुछ लोग आए। उनसे गेट पास मांगा। बीड़ी, सिगरेट, पाउच की जांच कराने को कहा। इस दौरान वह लोग भड़क गए। सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट की है। पुलिस ने केस दर्ज किया है। एएसपी राकेश खाखा ने बताया सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर केस दर्ज किया है। घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


