मणिपाल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत:रिटायर्ड फौजी पति ने लापरवाही का लगाया आरोप, कहा- न्याय नहीं मिला तो 24 घंटे में आत्महत्या कर लूंगा

जयपुर में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई। इस पर मृतका के रिटायर्ड फौजी पति ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा- प्रशासन ने मेरा साथ नहीं दिया तो 24 घंटे में आत्महत्या कर लूंगा। खंडेला सीकर निवासी राजकंवर राठौड़ (32 साल) को बच्चेदानी में क्लॉट था। इसके इलाज के लिए राजकंवर को 17 दिसंबर बुधवार को मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। मृतका के पति दुर्गासिंह शेखावत का आरोप है कि गुरुवार सुबह से मिलने के लिए मैंने कहा तो डॉक्टर ने मना कर दिया। बाद में जबरदस्ती मिलने गया तो डॉक्टर सीपीआर दे रहे थे। शाम को डॉक्टर ने पत्नी राजकंवर को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान मौत के बाद परिजन शुक्रवार को धरने पर बैठ गए। परिजन सहित पति दुर्गासिंह शेखावत अस्पताल में न्याय के पहुंचे। दुर्गासिंह शेखावत एक्स सर्विसमैन हैं। जम्मू-कश्मीर सहित राजस्थान और एमपी बॉर्डर पर सेवाएं रह चुकी हैं। वहीं मणिपाल हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया- महिला ऑपरेशन के दौरान रेयर कॉम्पलिकेशन हो गई थी। हॉस्पिटल हर मामले जांच में सहयोग की बात कही। दवाई की हैवी डोज देने का आरोप
मृतका के पति दुर्गासिंह शेखावत का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और दवाई की हैवी डोज के कारण मरीज की मौत हुई है। इसके बाद मृतका के परिजन और सेना से जुड़े लोग हॉस्पिटल में एकत्र हो गए। उन्होंने हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए और लापरवाही में जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शुक्रवार 12 बजे से धरने देना शुरू किया। मृतका के पति दुर्गासिंह शेखावत ने कहा- मैं एक फौजी रहा हूं। मैं देश सेवा करता हुआ कभी नहीं हारा, लेकिन आज इस मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर के धनबल के आगे हार गया हूं। इस मणिपाल हॉस्पिटल ने गलत ऑपरेशन करके मेरी पत्नी की जान ले ली। मैं दो दिन से परेशान हूं। यहां इतने समाज के लोग बैठे हैं, लेकिन फिर भी हॉस्पिटल प्रशासन के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। यदि प्रशासन ने मेरा साथ नहीं दिया और जब मेरी पत्नी नहीं जी सकी तो मैं जीकर क्या करूंगा। डॉक्टरों ने मिलने से किया मना, अंदर घुसा तो देखा दे रहे थे सीपीआर
दुर्गासिंह शेखावत ने कहा- मेरी पत्नी हॉस्पिटल में चलकर आई थी। मैंने गुरुवार सुबह 10 बजे जब पत्नी से मिलने की इच्छा जताई तो डॉक्टरों ने इलाज चलने का आश्वासन दिया। मुझे पत्नी से मिलने नहीं दिया गया। दोपहर ढाई बजे मैंने जबरदस्ती मिलने के लिए अंदर गया तो डॉक्टर हाथ से सीपीआर दे रहे थे। पत्नी की बॉडी में कोई हलचल नहीं थी। तब डॉक्टर ने बताया था- मशीन पर हार्ट सपोर्ट कर रहा है। मशीन से हटाने के बाद हार्ट और प्लस सपोर्ट नहीं कर रही। शाम 5 बजे मुझे जानकारी दी गई कि पत्नी अब नहीं रही। पुलिस ने पति को मृतका के पोस्टमॉर्टम के लिए कहा
देर शाम तक चले धरने के बाद विद्याधर नगर पुलिस ने मृतक राजकंवर के पति रिटायर्ड फौजी दुर्गासिंह शेखावत को पत्र से सूचित किया कि आपके द्वारा जान-बुझकर पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया जा रहा है। मणिपाल हॉस्पिटल सीकर रोड के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। मृतका के शरीर को अंतिम संस्कार के लिए नहीं लिया जा रहा है। इससे मृतका की लाश डिकंपोज हो रही है। धरने-प्रदर्शन से हॉस्पिटल में भर्ती अन्य मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। पत्र में पुलिस ने पति और प्रदर्शन कर रहे लोगों से अपील की कि तुरंत शव का पोस्टमॉर्टम में सहयोग करें। साथ ही मृतका का अंतिम संस्कार करें। शाम को धरना किया समाप्त
हालांकि 7 घंटे से ज्यादा चले विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस के आश्वासन पर महिला के परिजनों ने शाम 7:30 बजे धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। परिजनों को आश्वस्त किया गया कि मामले की जांच के लिए सरकारी डॉक्टरों की टीम गठित की जाएगी, जो मामले में रिपोर्ट सौंपेंगी। वहीं इन्हीं डॉक्टरों की निगरानी में पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस ने मृतका के पति दुर्गासिंह को आश्वासन दिया कि यदि मामले में डॉक्टर दोषी पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। कल करवाएंगे महिला का पोस्टमॉर्टम
विद्याधर नगर थाना प्रभारी नरेंद्र खींचड़ ने कहा- महिला की मौत के बाद परिजनों ने देर शाम तक धरना दिया। समझाइश के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया। शनिवार को कांवटिया हॉस्पिटल में महिला का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *