राजसमंद में आयुक्त और सभापति पर फेंकी स्याही:लोगों ने भाजपा नेता को पकड़कर पीटा, शर्ट फाड़ी और थप्पड़ लगाए

राजसमंद शहर की 50 फीट सड़क का नाम बदले जाने का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को इस मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय और नगर परिषद सभापति अशोक टांक पर एक युवक ने स्याही छिड़क दी। घटना दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है, जब नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय और कांग्रेस से चुने गए सभापति अशोक टांक व परिषद के कर्मचारी शहर के बाल कृष्ण स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। दरअसल, नगर परिषद ने करीब 20 वर्ष पहले शहर की 50 फीट सड़क मार्ग का शिलान्यास करवाकर इसका नाम महाराणा राजसिंह मार्ग रखा था। लेकिन 27 नवंबर को दोबारा शिलान्यास कर इसी सड़क का नाम बदलकर आचार्य महाश्रमण अहिंसा मार्ग कर दिया गया। इसके बाद से ही लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। पहले देखिए- घटनाक्रम से जुड़ी 3 तस्वीरें स्टेडियम में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे आयुक्त और सभापति
जानकारी के अनुसार- आज शुक्रवार को बाल कृष्ण स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे आयुक्त ब्रजेश राय और कांग्रेस से चुने गए सभापति अशोक टांक के पास कुछ युवक पहुंचे। अचानक एक युवक ने आयुक्त और सभापति पर स्याही छिड़क दी। स्याही आयुक्त के चेहरे पर गिरी, जिससे उनका चेहरा और कपड़े पूरे नीले हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद युवक मौके से फरार हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद भाजपा जिला आईटी सेल संयोजक भरत दवे को पकड़ लिया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। सूचना पर कांकरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। आयुक्त ने कहा- युवक स्याही छिड़क कर फरार हुआ
नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान करीब पांच युवक स्टेडियम आए थे, जिनमें से एक युवक स्याही छिड़क कर फरार हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों ने राजकीय कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता की। घटना के बाद नगर परिषद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वहीं सभापति अशोक टांक ने घटना की कड़ी निंदा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *