जोधपुर के रातानाडा की सांसी कॉलोनी में एक दुकान पर गैस की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। अचानक रिफिलिंग के दौरान आग लग गई। इसके चलते दुकान से तेज लपटें उठने लगी। घटना के समय दुकान में घरेलू गैस के सिलेंडर भी भरे हुए पड़े थे। इसके चलते कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आग के चलते पास में एक और दुकान में भी आग लग गई। इस पर स्थानीय लोगों ने नगर निगम को फोन किया। जिस पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया अन्यथा गैस सिलेंडरों के विस्फोट होने की वजह से जोधपुर के महामंदिर के कीर्ति नगर क्षेत्र में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट जैसा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार कॉलोनी में कॉर्नर पर एक दुकान है। जहां पर शुक्रवार शाम घरेलू सिलेंडरों से ऑटो रिक्शा में गैस की अवैध तरीके से रिफिलिंग की जा रही थी। इस रिफिलिंग के दौरान गैस लीकेज हो गई। इसके चलते पास ही चिंगारी से आग लग गई। आग से गैस सिलेंडर लपटों से घिर गया और उसने वहां रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस पर दुकान के आसपास के लोग घबरा गए। उन्होंने फायर ब्रिगेड की टीम को फोन किया। टीम मौके पर पहुंची तब तक सिलेंडर की आग की वजह से पास की दुकान भी चपेट में आ गई। इधर घटना के बाद रसद विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान 7 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। बता दें कि कुछ समय पूर्व भी यहां पर एक कॉलोनी में रसद विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक गैस का सिलेंडर जब्त किए थे। इसके बावजूद यहां पर घरेलू गैस का दुरुपयोग लगातार किया जा रहा है। प्रभावी कार्रवाई के अभाव में इस हादसे की वजह से जोधपुर में बड़ी जनहानि हो सकती थी।


