ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रेलवे, भिंड और सबलगढ़ रेल लाइन की मेमू ट्रेनों को बिरला नगर स्टेशन से संचालित करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इस एंगल से रेलवे ने फिजिबिलिटी मूल्यांकन कराने की प्रक्रिया के निर्देश उत्तर मध्य रेलवे के जीएम नरेश पाल सिंह ने दिए हैं। मूल्यांकन में यदि सब ठीक मिलता है तो मेमू का प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन ग्वालियर जंक्शन की बजाय बिरला नगर हो सकता है। भास्कर ने 24 अक्टूबर को प्लानिंग है या मजाक…? शीर्षक नाम से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर को संज्ञान में लेते हुए उत्तर मध्य रेलवे के जीएम ने 25 नवंबर को बिरला नगर स्टेशन का निरीक्षण किया था। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए। हर दिन 60 हजार यात्रियों का आना-जाना रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ग्वालियर जंक्शन पर लंबी दूरी, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में मेमू जैसी उपनगरीय सेवाओं को वैकल्पिक स्टेशन से चलाने पर प्लेटफॉर्म उपलब्धता बेहतर होगी। साथ ही ट्रेनों का समय भी सुधरेगा। बिरला नगर स्टेशन पहले से ही भिंड और सबलगढ़ दिशा की लाइनों से जुड़ा है। जिससे तकनीकी स्तर पर यह विकल्प व्यवहारिक माना जा रहा है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन में हर दिन औसतन 55 से 60 हजार यात्रियों का आना-जाना है। यात्रियों की सुविधा के लिए एप्रोच रोड चौड़ी की जाएगी, भूमि का अधिग्रहण करने की बनेगी योजना बिरला नगर स्टेशन के इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जाएगा। स्टेशन तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड को चौड़ा करने, यात्री सुविधाएं बढ़ाने और सर्कुलेटिंग एरिया विकसित करने की योजना बन रही है। इसके लिए आवश्यक होने पर अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण भी हो सकता है। उद्देश्य यह है कि यदि मेमू ट्रेनों का संचालन यहां से हो, तो यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। फिजिबिलिटी रिपोर्ट में यात्री संख्या, संचालन लागत, ट्रैक और सिग्नल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म क्षमता तथा स्थानीय यातायात व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय होगा। इस बदलाव से भिंड और सबलगढ़ रूट के यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं ग्वालियर जंक्शन पर भीड़ में कमी आएगी। माघ मेला: प्रयागराज के लिए स्पेशल रिंग ट्रेन चलेगी, भिंड होकर जाएगी व झांसी से आएगी माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मेला अवधि के दौरान आरक्षित साप्ताहिक रिंग रेल सेवाओं एवं मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ग्वालियर होकर प्रयागराज को जाने वाली स्पेशल ट्रेन हर गुरुवार को ग्वालियर भिंड होकर गोविंदपुरी व प्रयागराज के लिए जाएगी। यह ट्रेन ग्वालियर से रात 8:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन का गोहद, सोनी, भिंड, इटावा में स्टॉपेज रहेगा। यह प्रयागराज अगले दिन सुबह 6:40 बजे पहुंचेगी। मे इन ट्रेनों का संचालन 7 जनवरी 13 फरवरी के बीच निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। प्रत्येक ट्रेन के 6-6 फेरे लगाए जाएंगे। प्रयागराज के लिए ट्रेन ग्वालियर, भिंड, गोविंदपुरी होकर जाएगी, जबकि प्रयागराज से बांदा, झांसी होकर ग्वालियर लौटेगी। अभी प्रयागराज के लिए दो ट्रेन अभी ग्वालियर से प्रयागराज के लिए सीधे 2 ट्रेन नियमित चलती हैं। इनमें रात 9:05 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस और सुबह 5 बजे ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस में प्रयागराज के लिए सफर करने पर 9.45 घंटे, जबकि ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस में 13.30 घंटे लगते हैं। किस ट्रेन का किस दिन होगा संचालन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-प्रयागराज रिंग रेल (01805) का संचालन हर बुधवार को वाया बांदा किया जाएगा। वहीं प्रयागराज-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रिंग रेल (01807) बुधवार को वाया गोविंदपुरी चलेगी। ग्वालियर-प्रयागराज रिंग रेल (01806) हर गुरुवार को तथा प्रयागराज-ग्वालियर रिंग रेल (01808) हर शुक्रवार को वाया बांदा से संचालन होगा। यह सभी ट्रेनें 22 कोच की रहेगी। इनमें स्लीपर, सामान्य श्रेणी, तृतीय एसी, तृतीय एसी इकॉनमी और द्वितीय एसी कोच शामिल रहेंगे।


