भास्कर संवाददाता| बांसवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र पीपलवा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट मामले में 10 महीने बाद दूसरे आरोपी फिरोजाबाद निवासी प्रवीण कुमार यादव को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रवीण घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 15 हजार का ईनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस इस केस में इससे पहले बिना अनुज्ञा पत्र विस्फोट सामग्री रख बच्चों के पटाखे बनाने और एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में सुभाष नगर निवासी रमेश सिंधी को गिरफ्तार कर चुकी है। गौरतलब है कि 13 फरवरी में पीपलवा औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड संख्या एफ-3 में अचानक धमाके के साथ आग लग गई थी। हादसे में 14 लोग झुलस गए थे। बाद में सामने आया था कि भूखंड में अवैध तरीके से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था।


