रांची सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में घने कोहरे और ठंड का सितम जारी है। इससे फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि, अभी अगले तीन दिन घना कोहरा और ठंड का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने 20 से 22 दिसंबर तक राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा लातेहार, लोहरदगा में सुबह से पूरे दिन घना कोहरा छाया रहेगा। इधर, शुक्रवार को कोहरे की वजह से रांची में विजिबिलिटी 650 मीटर रहा, जमशेदपुर में 800 मीटर रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़त हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की बढ़कर 9.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान मात्र 0.2 डिग्री की गिरावट के साथ 22.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे अधिक ठंड रांची के कांके में रहा। कांके का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड हाड़ कंपा रही है। आगे क्या.. अगले 5 दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना
रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में 25 दिसंबर तक सुबह में कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद दोपहर में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दिन में धूप नहीं निकला तो ठंड का अहसास अधिक होगा।


