अंतरराज्यीय आमंत्रण कबड्डी 20 से 23 तक

मां अष्टभुजी सेवा समिति के तत्वावधान में 20 से 23 दिसंबर तक चार दिवसीय अंतरराज्यीय पुरुष और महिला आमंत्रण कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और कबड्डी प्रेमियों में उत्साह है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, कांकेर, बालोद, महासमुंद, कवर्धा, पेंड्रा, खैरागढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, डोंगरगढ़ व सक्ती की टीमें भाग लेंगी। वहीं अन्य राज्यों से हरियाणा (सोनीपत, कुरुक्षेत्र), उत्तर प्रदेश (बनारस), मध्यप्रदेश (भोपाल, उज्जैन), महाराष्ट्र (अकोला), राजस्थान, झारखंड (बोकारो) और ओडिशा (कटक, संबलपुर, पिपली) की नामी टीमें भी मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता चार पुलों में लीग कम नॉकआउट पद्धति से खेली जाएगी। सभी मैच एआईकेएफ के नियमों के अनुसार होंगे। पुरुष व महिला वर्ग के मुकाबले अलग-अलग कोर्ट में कराए जाएंगे। आयोजन समिति टीमों को एक तरफ का रेल किराया प्रदान करेगी। प्रतियोगिता के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ ने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों की ऑफिशियल टीम उपलब्ध कराई है। मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया जाएगा। वहीं मैदान के बाहर दर्शकों के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था रहेगी। आईपीएल की तर्ज पर चीयरलीडर्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पुरुष वर्ग में विजेता टीम को 51 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी, उपविजेता को 31 हजार रुपए और तृतीय व चतुर्थ स्थान पर 15-15 हजार रुपए व ट्रॉफी दी जाएगी। महिला वर्ग में विजेता को 31 हजार, उपविजेता को 21 हजार व तृतीय-चतुर्थ को 10-10 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों, कोच व अधिकारियों के लिए आवास व परिवहन की उत्तम व्यवस्था की गई है। आयोजन की सफलता व प्रतियोगिता को अविस्मरणीय बनाने समिति के अध्यक्ष ब्रजत देवांगन, सहित पदाधिकारियों विकास चौबे, लकेश्वर श्याम,रमेश देवांगन, जयकिशन उरांव, दिनेश जायसवाल, श्यामलाल यादव, रामधन कटकवार, विकास तिवारी, सत्या देवांगन, मिलेन्द्र पांडेय, संजीव पांडेय, नवधा लाल मौरे, छवि राठौर, सुनील लहरे, सूर्यकांत, नीरज पांडेय, बादल राजपूत सहित अन्य जुटे हुए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *