जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक ट्रक चालक ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा कर दिया। स्थिति ऐसी बन गई कि करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे का एक लेन पर ट्रैफिक जाम रहा, जिससे एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक चालक ने लाठी लेकर परिवहन विभाग के कर्मचारियों को काफी दूर तक खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर बेलखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हंगामे के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता और प्रशासनिक अधिकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। चेकिंग के दौरान भड़का चालक जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को परिवहन विभाग का उड़नदस्ता जबलपुर–भोपाल मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 04 NT 0804 तेज रफ्तार में भोपाल की ओर जा रहा था। टीम ने ट्रक को रोका और पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम अरविंद पिता कैलाशचंद्र निवासी देवास बताया। ट्रक में कई तरह की लाइटें लगी हुई थीं। जब चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो उसने देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिवहन विभाग ने पीएसओ मशीन से ऑनलाइन चालान काटा, जिससे चालक भड़क गया और हाथ में लाठी लेकर हंगामा करने लगा। कर्मचारियों को लाठी लेकर खदेड़ा बताया जा रहा है कि चालक नशे में इस कदर धुत था कि उसने परिवहन विभाग के कर्मचारियों को लाठी लेकर काफी दूर तक खदेड़ दिया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने मौके से हटकर बेलखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। बीच सड़क पर खड़ा कर दिया ट्रक, लगा जाम परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा समझाने की कोशिश के बावजूद चालक नहीं माना। उसने ट्रक को नेशनल हाईवे के एक लेन पर आड़ा खड़ा कर दिया और सड़क से हटाने से इनकार कर दिया। चालक हाथ में लाठी लेकर काफी देर तक सड़क पर घूमता रहा और कहता रहा कि ट्रक नहीं हटेगा, जिसे बुलाना है बुला लो। पुलिस ने किया गिरफ्तार बेलखेड़ा थाना पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए ट्रक चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(1), 127(2), 285 और 270 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी लवकेश उपाध्याय ने बताया कि चालक परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर रहा था और लाठी लेकर उन्हें दौड़ा रहा था, जिस कारण उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। परिवहन विभाग की सख्त चेतावनी परिवहन विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर किरण शर्मा ने बताया कि एक ट्रक चालक द्वारा दस्तावेज मांगने पर न सिर्फ इनकार किया गया, बल्कि ऑनलाइन चालान के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों पर हमला करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


