भास्कर न्यूज | राजनगर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से शुक्रवार को एदल पंचायत अंतर्गत हेंसल गांव में चलंत लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं व उन्हें कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में पैनल लॉयर सुकमती हेस्सा, पीएलवी राम सोरेन, ब्रजेश राय एवं रमेश हांसदा की सक्रिय उपस्थिति रही। पैनल लॉयर सुकमती हेस्सा ने ग्रामीणों को बिजली बिल से संबंधित विवाद, गलत मीटर रीडिंग, जमीन-जायदाद के बंटवारे, दाखिल-खारिज, कब्जा विवाद, आपसी मतभेद एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से बिना किसी खर्च और लंबे समय के इंतजार के आपसी सहमति से मामलों का समाधान संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटे-बड़े विवादों को न्यायालय में ले जाने से पहले लोक अदालत का सहारा लें। जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। चलंत लोक अदालत में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।


