हेल्थ सेक्रेटरी में सीएचसी के लिए डीसी को जमीन चिन्हित करने के दिए निर्देश

राजन गोसाईं | अमृतसर पंजाब सरकार अमृतसर शहरी इलाके में 4 नए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) स्थापित करेगी। प्रत्येक सीएचसी के लिए लगभग 3-3 हजार गज जमीन की जरूरत होगी। पहले सिविल सर्जन और क्षेत्र के विधायकों को उपयुक्त जमीन का निरीक्षण कर रिपोर्ट मांगी गई थी। हालांकि, प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से अब हेल्थ सेक्रेटरी ने डीसी को निर्देश जारी किए हैं कि 4 स्थानों पर उपयुक्त जमीन चिन्हित कर विभाग को सूचित करें। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों के शुरू होने से शहरी आबादी को प्राथमिक और माध्यमिक स्तर की चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे सिविल अस्पतालों पर बढ़ता दबाव भी कम होगा और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा। जैसे ही जमीन चिन्हित कर सौंप दी जाएगी वैसे ही इन सीएचसी के निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि इस समय शहर में सिविल अस्पताल के अलावा 5 सेटेलाइट अस्पताल मौजूद हैं। इनके अलावा 72 आयुष्मान आरोग्य केंद्र हैं जो जनवरी 2026 तक बढ़कर 93 हो जाएंगे। प्राइमरी हेल्थ सेंटर : पीएचसी की मूल रूप भूमिका ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सेहत सुविधाओं के अलावा दुर्घटना के समय फर्स्ट एड देना और टीकाकरण है। यह अमूमन 20 से 30 हजार की आबादी वाले इलाकों में स्थापित किया जाता है। यहां पर एक मेडिकल अफसर के साथ नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाती है। कम्युनिटी हेल्थ सेंटर : सीएचसी की स्थापना 80 हजार से लेकर 1 लाख 20 हजार की आबादी वाले इलाके में की जाती है। 4 प्राइमरी हेल्थ सेंटरों का एक रेफरल केंद्र होता है। जहां पर अधिक विशिष्ट सेवाएं प्रदान करता है। 30 बेड वाले सीएचसी में सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के साथ नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाती है। इस स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी के अलावा ब्लड बैंक के अलावा सभी प्रकार की सेहत सुविधाएं उपलब्ध होती है। अमृतसर ईस्ट विधायक जीवनजोत कौर ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य बेहतर सेहत सुविधाओं के साथ-साथ बढ़िया शिक्षा उपलब्ध कराना है। बेहतर सेहत सुविधाओं के लिए शहरी इलाकों में 4 नए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के अलावा प्राइमरी हेल्थ सेंटर खोलने की योजना बनाई गई है। सरकार की ओर से जमीन ढूंढने के लिए कहा गया था, जिस पर उन्होंने पीएचसी के लिए कुछ जमीनों के बारे में विभाग को सूचना दे दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *