हनुमानगढ़ के चक 11 केएसपी में एक परिवार अपने 17 वर्षीय बेटे की तलाश में परेशान है। प्रिंस 8 जनवरी की सुबह 9 बजे रोजाना की तरह काम पर गया था, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। नाबालिग के पिता ने टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। नाबालिग के पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि जब बेटा शाम तक घर नहीं लौटा, तो उन्होंने उसके दोस्तों और सहकर्मियों से संपर्क किया। पता चला कि प्रिंस उस दिन काम पर भी नहीं पहुंचा था। परिवार ने रिश्तेदारों के यहां और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। लापता होने के समय प्रिंस ने हरे रंग का कोट, जींस, टोपी और जूते पहने थे। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और हेड कॉन्स्टेबल अमर सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है।


