सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर खनिज, राजस्व, पुलिस और सोन घड़ियाल अभयारण्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पिपरोहर, तहसील गोपदबनास में यह कार्रवाई की। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात को किए गए निरीक्षण के दौरान सोन नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के स्पष्ट प्रमाण मिले। पुलिस अधीक्षक सीधी और उपसंचालक संजय टाइगर रिजर्व के निर्देश पर सोन नदी घाट तक जाने वाले पहुंच मार्ग को गड्ढा खोदकर बंद कर दिया गया, ताकि अवैध गतिविधियों को तुरंत रोका जा सके। अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई, 63 घन मीटर रेत जब्त निरीक्षण में ग्राम पिपरोहर के खसरा क्रमांक 189 और 192 में लगभग 63 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की गई। इस मामले में भंडारणकर्ता मुकेश केवट के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। सोन नदी घाट से अवैध उत्खनन पाए जाने पर संबंधित बीट प्रभारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। सड़क निर्माण में अवैध मुरूम उत्खनन, ठेकेदार पर मामला दर्ज इसी कड़ी में, जिला शिक्षा केंद्र से मिली शिकायत की जांच में प्राथमिक पाठशाला लोहाड़ी टोला के पीछे सड़क निर्माण के लिए मुरूम के अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई। लोक निर्माण विभाग के संविदाकार के खिलाफ भी नियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है और संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने यह भी बताया कि विभिन्न निर्माण विभागों की ओर से उपयोग किए गए गौण खनिजों और जमा रॉयल्टी का विवरण उपलब्ध न कराने पर संबंधित विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और भविष्य में भी दोषियों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।


