टीकमगढ़ में शनिवार की सुबह लोगों के लिए राहत लेकर आई। शुक्रवार को जहां दिन की शुरुआत घने कोहरे से हुई थी, वहीं आज सुबह से आसमान साफ है और धूप खिली हुई है। इससे लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिली है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन यानी रविवार और सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके कारण दिन के तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है, जबकि रात का तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार से साफ होगा मौसम, रात में होंगी ठंडी आगामी मंगलवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद दिन का तापमान 25 से 26 डिग्री के बीच पहुंच सकता है और रात का तापमान घटकर 6 से 7 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को चली सर्द हवाओं के कारण अधिक ठंड महसूस हुई थी। हालांकि, शनिवार सुबह से ठंडी हवाओं का दौर थम गया है, जिससे ठंड से राहत मिली है। भू अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.02 डिग्री रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग बताता है कि आसमान में बादल छाए रहने और कोहरे के कारण दिन के तापमान में कमी आती है, जबकि रात का तापमान बढ़ जाता है। वहीं, आसमान साफ होने और धूप निकलने पर दिन के तापमान में वृद्धि होती है और रात का तापमान तेजी से घट जाता है।


