भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने न्यू अमृतसर में ट्रस्ट की कीमती जमीन पर फैली अव्यवस्था, गंदगी और अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि न्यू अमृतसर, जिसे कभी शहर का पॉश और सुनियोजित इलाका माना जाता था। आज इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट और प्रशासन की लापरवाही के कारण कूड़े के बड़े डंप में तब्दील हो चुका है, जो पूरी तरह जनविरोधी है। बस्सी ने बताया कि संबंधित जमीन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की है, जहां से 45 फीट चौड़ी सड़क बैक साइड से सीधे न्यू अमृतसर को जोड़ती है। इस स्थान को मूल रूप से एमआईजी फ्लैट्स के लिए आरक्षित किया गया था। लेकिन ट्रस्ट की लापरवाही और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के एक्सइएन समेत कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत के चलते यहां अवैध कब्जों को बढ़ावा मिल रहा है। आसपास बने फ्लैट्स के समीप करोड़ों रुपए की कीमती जमीन कूड़े और गंदगी के कारण बर्बाद होती जा रही है। दिनेश बस्सी ने चेतावनी दी प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया, तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


