सलूम्बर में राज्य सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में एक जिला स्तरीय महिला सम्मेलन और लाभ वितरण समारोह आयोजित किया गया। पंचायत समिति सभागार में हुए इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, बालिका उत्थान और सामाजिक न्याय से जुड़ी प्रमुख योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। यह जिला स्तरीय कार्यक्रम धौलपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा रहा। मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे उपस्थित सभी लोग राज्य सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं से अवगत हुए। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत विशेष योग्यजनों को स्कूटियों का वितरण किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन में आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लाडो प्रोत्साहन योजना के चयनित लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में ₹2500 की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। विधायक, जिला कलेक्टर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर के निर्देशन में यह वितरण हुआ, साथ ही नवजात बालिकाओं के लिए बेबी किट भी प्रदान की गईं। लाडो प्रोत्साहन योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजना है। इसके तहत बालिका के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा पूरी होने तक कुल 1.50 लाख की सहायता राशि विभिन्न किश्तों में प्रदान की जाती है,जिसका उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बेटी जन्मोत्सव भी मनाया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने विधायक, जिला कलेक्टर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर के साथ मिलकर केक काटा,जिससे सभागार में सकारात्मक और उत्सवपूर्ण माहौल बन गया। सलूम्बर विधायक शांता अमृत लाल मीणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं से शिक्षा के माध्यम से प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचने और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पालनहार योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाडो योजना,पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के चयनित लाभार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।


