क्राइम ब्रांच ने 2 किलो 475 ग्राम गांजे के मामले में एक और बदमाश को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की टीम उससे पूछताछ कर और भी जानकारी निकाल रही है। वह सस्ते दामों में गांजा खरीदकर महंगे दामों में बेचता था। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि चेतन पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एमआर-4 से सरफराज उर्फ बांदा मंसूरी निवासी धार को गिरफ्तार किया है। मुखबीर से मिली सूचना और साइबर तकनीक के आधार पर टीम ने यहां पर घेराबंदी की और उसे धर दबोचा। जुलाई माह में टीम ने दो आरोपियों जोशीन खान और रेहान खान को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 2 किलो 475 ग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए थी। दोनों आरोपियों से पूछताछ में सरफराज उर्फ बांदा मंसूरी के बारे में जानकारी मिली थी। टीम उसकी तलाश कर रही थी। टीम मुखबीर और साइबर तकनीक के आधार पर बदमाश तक पहुंची। टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह सस्ते दामों में गांजा लाकर महंगे दामों में बेचा करता था।


