राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। इसमें डीग की कृष्णा गुर्जर उर्फ साक्षी (धाऊ) ने राज्य स्तर पर 40वीं रैंक हासिल कर सिविल जज का पद प्राप्त किया। कुल 44 अभ्यर्थियों का चयन सिविल जज के लिए हुआ है। कृष्णा नगर रोड स्थित पहाड़ताल फार्म निवासी कृष्णपाल गुर्जर की पुत्री हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 142 अंक प्राप्त किए। राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित यह परीक्षा राज्य में सिविल जज पदों के लिए सबसे प्रतिष्ठित मानी जाती है। कृष्णा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने चाचा धाऊ राजेन्द्र पाल सिंह को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया और उन्हें निरंतर प्रेरित किया। परिजनों के अनुसार, वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी लॉ (एलएलबी) और एलएलएम की पढ़ाई राजस्थान विश्वविद्यालय से पूरी की है। कृष्णा ने बताया कि बचपन से ही अपने परदादा, आईएएस अधिकारी विशंभर सिंह की सफलता की कहानियों से उन्हें जज बनने की प्रेरणा मिली। इस सपने को साकार करने में उनके बाबा रामचंद्र धाऊ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास किए। उन्होंने नगर रोड निवासी व्याख्याता सुभाष चंद शर्मा और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा को भी अपना प्रेरणास्रोत बताया। कृष्णा ने कहा कि वह शीघ्र ही सिविल जज के रूप में अपनी ड्यूटी जॉइन करेंगी और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हर छात्र को स्वयं पर विश्वास रखना चाहिए और लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से आगे बढ़ना चाहिए।


