धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर अलीगढ़ के पास शुक्रवार को बाइक सवार तीन युवकों पर हमला किया गया। लाठी-डंडों और हथियारों से हुए इस हमले में तीनों युवक घायल हो गए, जिनमें से एक को गोली लगी है। गंभीर हालत में घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। घायल युवकों की पहचान सूखे का पूरा निवासी रामविलास पुत्र सोरन सिंह, कुआं खेड़ा निवासी शैलू पुत्र अग्रसेन और जसवंत पुत्र सोरन सिंह के रूप में हुई है। जसवंत को गोली लगी है, जबकि रामविलास और शैलू के चेहरे व शरीर पर लाठी-डंडों से चोटें आई हैं। घायल रामविलास ने बताया कि उनका कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते जब वे तीनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और फायरिंग की, जिसमें जसवंत को गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही कंचनपुर थाना प्रभारी रामकिशन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात भी कही गई है।


