बारां में सदर थाना पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एसडीपीआई के जिला अध्यक्ष अब्दुल अजीज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि एएसपी राजेश चौधरी और डीएसपी हरिराम सोनी के पर्यवेक्षण में सीआई हीरालाल के नेतृत्व में गठित टीम ने राजपुरा वार्ड निवासी अब्दुल अजीज पुत्र अहमद पठान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2024 को अब्दुल अजीज ने हिंदू धर्म की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इस पोस्ट में एक भगवाधारी संत के गले में फांसी का फंदा दिखाया गया था। इस कृत्य को धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला मानते हुए, अब्दुल अजीज के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में पहले भी चार अन्य आरोपियों, रिसालत अली, जुनैद अंसारी, शाहरुख और रेहान अली को 2 अप्रैल को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसडीपीआई अध्यक्ष अब्दुल अजीज गिरफ्तारी से बच रहा था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि वॉट्सऐप स्टेटस पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट डालने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। जांच जारी है। पुलिस टीम में सीआई हीरालाल, कौशल किशोर और मुकेशचंद शामिल थे।


