मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ का कटनी में सम्मेलन:रसोईया, कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर चर्चा, आंदोलन में मोर्चे का साथ देने का संकल्प

मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिला सम्मेलनों का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को कटनी में सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें संघ ने वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया। सम्मेलन में स्थाईकर्मी, अंशकालीन कर्मचारी, रसोईया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं कोटवारों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। यहां मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आंदोलन में शामिल होने का भी निर्णय लिया गया।
संघ के कटनी जिला शाखा अध्यक्ष पूर्णेश उइके के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में जिले के सभी तहसील, ब्लाक एवं विभागीय समितियां के अध्यक्ष उपस्थित रहे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने चार चरणों में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। कटनी सहित प्रदेशभर के कर्मचारियों को मोर्चा के इस आंदोलन को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि 48 मांगों को लेकर मोर्चा ने आंदोलन का ऐलान किया है। मोर्चा के घटक संघ 16 जनवरी को होने वाले पहले चरण के आंदोलन को प्रभावी बनाएं। शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य रूप से लघु वेतन कर्मचारी संघ के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया।
सम्मेलन में संघ के संरक्षक चुरामन रैकवार, महामंत्री अजय कुमार दुबे, अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के कटनी जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार तिवारी, भोपाल के वरिष्ठ कर्मचारी नेता महेंद्र सिंह बघेल, कोषाध्यक्ष कमलेश पटेल, मैहर जिला अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, सागर संभागीय अध्यक्ष थान सिंह, जबलपुर संभागीय अध्यक्ष विपिन पिपरे, उप प्रांताध्यक्ष बिरजू जाटव एवं अजय कुमार गौतम सहित कई कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *