पंजाब के जगराओं में पुलिस ने एक शातिर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर को ही अवैध शराब का ठेका बना कर धंधा कर रहा था। आरोपी मनजीत सिंह खोलिया वाला पुल मलासिया बाझन का रहने वाला है, जिसके खिलाफ पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं। सिधवां बेट थाने की चौकी गिद्दडविडी के इंचार्ज एएसआई सुखमंदर सिंह के अनुसार, गश्त के दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मनजीत अपने घर से अवैध शराब बेच रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीर बाबा घोड़ियां वाले की दरगाह के पास स्थित उसके घर पर छापा मारा। छापेमारी में पुलिस को प्लास्टिक की केन में रखी 80 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी की टांग में प्लास्टर होने के कारण वह भागने में असफल रहा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कम कीमत पर शराब खरीद कर अपने घर से ही बेचता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है और अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जो आरोपी को अवैध शराब की सप्लाई करता था। मामला थाना सिधवां बेट में दर्ज कर लिया गया है।


