मोगा पुलिस ने लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक भी बरामद की है। थाना समालसर के प्रभारी जनक राज ने बताया कि एसएसपी मोगा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 6 जनवरी की देर शाम को गांव रोड़े निवासी जगमीत सिंह अपने दो साथियों के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में जगमीत के साथी तो भाग निकले, लेकिन बदमाशों ने जगमीत से 25 हजार रुपए नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड और तीन एटीएम कार्ड लूट लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव रोड़े के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव रोड़े के संदीप सिंह और हरभजन सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना समालसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।


