खाचरोद थाना क्षेत्र के ग्राम जलवाल में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस नेता और गांव के सरपंच संजय गुर्जर के परिवार के घर पर 30 से 40 लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की। इस हमले का आरोप भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य विक्रम बागरी और उनके समर्थकों पर लगाया गया है। सरपंच संजय गुर्जर ने बताया कि देर रात विक्रम बागरी अपने 30 से 40 समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर टीवी, फ्रिज, कूलर सहित घरेलू सामान और कांच की खिड़कियां तोड़ दीं। घर में आगजनी का प्रयास भी किया गया। तोड़फोड़ के दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। इस मारपीट में संजय गुर्जर की भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पहले गुर्जर की ओर से मारपीट की गई इस पूरे मामले में विक्रम बागरी की ओर से भी आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि पहले संजय गुर्जर पक्ष द्वारा उनके साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, विक्रम बागरी ने इस मारपीट के पीछे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। विक्रम चंद्रवंशी (जो बागरी समाज से हैं) की शिकायत पर संजय गुर्जर पक्ष के लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। गोचर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला संजय गुर्जर का कहना है कि विक्रम बागरी द्वारा करीब 5 बीघा गोचर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। इस संबंध में संजय के भाई विक्रम गुर्जर द्वारा पहले ही विक्रम बागरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी। संजय गुर्जर के अनुसार, इसी विवाद के चलते तनाव बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया। घटना के बाद मामला खाचरोद थाना पुलिस तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।


