निवाड़ी में आज शनिवार को व्यापार मंडल के आह्वान पर बाजार पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ यह शांतिपूर्ण बंद बुलाया। सुबह से ही शहर के सभी प्रमुख बाजार और दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों की समस्याओं पर कार्रवाई न होने से नाराज सुबह 8 बजे से निवाड़ी का मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, किराना लाइन, कपड़ा मार्केट, लोहा व्यवसाय, इलेक्ट्रॉनिक्स और जनरल स्टोर्स सहित सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। व्यापार मंडल के इस कदम को प्रशासन की लंबे समय से चली आ रही उदासीनता का परिणाम बताया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष रूपेश सिंह दांगी ने बताया कि व्यापारियों की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रशासन के सामने बार-बार उठाया गया है। इनमें बाजारों में पार्किंग की अव्यवस्था, कर निर्धारण संबंधी मुद्दे, सफाई व्यवस्था में अनियमितता, सड़क मरम्मत और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं। प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग दांगी ने स्पष्ट किया कि यह बंद किसी अधिकारी के खिलाफ नहीं, बल्कि जायज मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का एक शांतिपूर्ण तरीका है। नगर के सभी छोटे-बड़े दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे व्यापारियों की एकजुटता प्रदर्शित हुई। पूरे नगर में बंद शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बाजारों में पुलिस की हल्की मौजूदगी देखी गई। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भविष्य में और भी कड़े आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।


