मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग सहित तीन लोग घायल हो गए। कटरा-मऊगंज मुख्य मार्ग पर लालगंज तिराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसमें बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, लालगंज निवासी 75 वर्षीय लाइक खान अपनी लूना बाइक से लालगंज की ओर जा रहे थे। लालगंज तिराहे के पास मोड़ पर मऊगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर मऊगंज निवासी राज भुजबा (22) और अयान खान (19) सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूसरी बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें उछलकर सड़क किनारे जा गिरीं। इस दुर्घटना में लाइक खान के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दोनों युवक भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया। बीएओ डॉ. आरके पाठक ने बताया कि लाइक खान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। अन्य दोनों घायलों का इलाज सीएचसी नईगढ़ी में जारी है।


