धमतरी के मिठाई दुकान में फफूंद लगा 5kg कलाकंद जब्त:खाद्य विभाग का छापा, बासी मलाई भी मिली; सैपंल लेकर जांच के लिए भेजा

छत्तीसगढ़ के धमतरी में खाद्य विभाग ने मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान बस स्टैंड स्थित एक दुकान से फफूंद लगा कलाकंद और बासी मलाई जब्त की गई। गुणवत्ता जांच के लिए पनीर के नमूने भी लिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान भगवती बीकानेरी स्वीट्स एवं नमकीन दुकान पर लगभग 5 किलोग्राम फफूंद लगा कलाकंद पाया गया। इसके साथ ही 2 किलोग्राम मलाई बार भी पुराना और बासी अवस्था में मिला। हेमंत डेयरी, धमतरी से पनीर का नमूना भी संकलित कर प्रयोगशाला भेजा गया है। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा यह कार्रवाई धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार (19 दिसंबर) को की गई। जिला खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड के चौक-चौराहों और डेयरियों में दूध से बने खाद्य पदार्थों जैसे पनीर, मावा और मिठाइयों की गहन जांच की। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अमानक एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने मौके पर ही अमानक मिठाइयों को नष्ट कराया और गुणवत्ता जांच के लिए मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे। संदिग्ध खाद्य सामग्री की हिदायत देने की अपील टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र और डेयरियों का निरीक्षण करते हुए पाया कि कुछ स्थानों पर ताजा पनीर का निर्माण किया जा रहा है। ट्रैवल्स संचालकों, बस स्टैंड के दुकानदारों और जिले में कार्यरत विभिन्न कैटरिंग सेवा संचालकों से बाहर से आयातित एनालॉग पनीर के संबंध में पूछताछ की गई और इसकी संभावित आपूर्ति की पड़ताल की जा रही है। जिला प्रशासन ने दुकानदारों और खाद्य व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *