पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 25 दिसंबर को जन्म दिवस है। इस उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलनों की शुरूआत 24 दिसंबर से होगी और 31 दिसंबर को समापन। इसके साथ ही अटल जी के जीवन दर्शन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि अटल जी की जयंती के अवसर पर उनके साथ कार्य कर चुके सामाजिक, विशिष्ट नागरिकों के साथ-साथ चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। 24 दिसंबर को स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव अरुण सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जहां-जहां अटल जी की प्रतिमा या स्मारक स्थापित हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उसी दिन दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। भाजपा के सभी जिला कार्यालयों में भी दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे। 25 दिसंबर को अटल स्मृति सम्मेलन उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में अटल जी की स्मृति में कविता पाठ, सुशासन से जुड़े कार्यक्रम और विचार गोष्ठियां आयोजित होंगी। ग्वालियर आएंगे अमित शाह अरुण सिंह ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचेंगे और अटल जी के नाम पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कांग्रेस पर साधा निशाना,कहा- नकारात्मक सोच हावी एक सवाल के जवाब में अरुण सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में इस समय नकारात्मक सोच हावी है। उन्होंने कहा कि चाहे वंदे मातरम का मुद्दा हो या कोई और विषय, कांग्रेस हमेशा नकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करती है। सिंह ने यह भी कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने अटल जी की प्रतिभा को पहचाना था, लेकिन इंदिरा गांधी ने उन्हें जेल भेजा। अटल जी जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाने वाले महान नेता थे।


