चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले में लारसन क्लब ने जीत दर्ज की। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को 5 विकेट से हराकर लारसन क्लब ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली लारसन क्लब के सामने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब ने 30 ओवर में 8 विकेट पर 230 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमिनेश सिंह ने नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। अजय प्रधान (47), रोहित उरांव (35) और कप्तान विवेक चौरसिया (19 नाबाद) ने भी अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लारसन क्लब की शुरुआत खराब रही और टीम ने 65 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद तौसिफ एहसान और हिमांशु पांडेय ने चौथे विकेट के लिए 117 रन की मैच विजयी साझेदारी की। तौसिफ ने 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से शानदार 102 रन बनाए, जबकि हिमांशु ने 51 रन की पारी खेली। टीम ने 27.2 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता का अगला मुकाबला 13 जनवरी को एस.आर. रुंगटा ग्रुप और फेनेटिक क्लब चाईबासा के बीच खेला जाएगा। रविवार को टाटा स्टील के तत्वावधान में मीडिया कप का आयोजन होने के कारण मैच नहीं होगा।


