शाजापुर के मोहन बड़ोदिया में शनिवार को श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पहली वर्षगांठ मनाई गई। श्री राम प्रभात फेरी की ओर से कालाजी मंदिर से विशाल चल समारोह की शुरुआत हुई। यह कार्यक्रम पौष सुदी द्वादशी के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया, जो पिछले वर्ष भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि थी। चल समारोह में श्री कालाजी महाराज के पुजारी घोड़े पर सवार थे और भगवान श्री राम का रथ सजाया गया था। जिसमें भगवान का छायाचित्र विराजमान था। कीर्तन मंडली भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए समारोह में शामिल रही। यात्रा मैन मार्केट से प्रारंभ होकर श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर, दाऊजी मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर, फूलचंद चौराहा, बस स्टैण्ड और शिवाजी कॉलोनी होते हुए पुनः श्री कालाजी महाराज मंदिर पर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर श्री भगवान देव नारायण श्री कालाजी महाराज की भव्य आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी प्रेम किशोर व्यास के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों की संख्या में सनातन धर्म के अनुयायियों ने भाग लिया।


