सरिस्का टाइगर रिजर्व के काला कुआं क्षेत्र में आज सुबह की पारी के दौरान बाघिन ST-9 की शानदार साइटिंग हुई। दिल्ली और गुड़गांव से आए करीब 200 पर्यटक 10 जिप्सियों और कैंटरा में सवार होकर टूरिस्ट सफारी पर निकले थे। इस दौरान बाघिन ST-9 पर्यटकों को बेहद करीब से दिखाई दी, जिसे देखकर सभी रोमांचित हो उठे। पर्यटकों ने अपने मोबाइल फोन में बाघिन का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बाघिन ST-9 को देखकर रोमांचित हो उठे पर्यटक
पर्यटकों के अनुसार- बाघिन को देखकर कई लोग उत्साह में बोल पड़े कि “जैसा टीवी में दिखाते हैं, बिल्कुल वैसी ही है।” बाघिन कुछ समय के लिए जिप्सी के काफी पास आ गई। ड्राइवर ने एहतियातन जिप्सी को थोड़ा पीछे किया तो बाघिन ट्रैक पर आने के बजाय जंगल की ओर चली गई। इस दौरान कुछ पर्यटकों ने मजाक में कहा कि काश बाघिन ट्रैक पर आ जाती। बात दें कि बाघिन ST-9 की इस सीजन में लगातार अच्छी साइटिंग हो रही है। वह कभी टाइगर सेंट 2304 के साथ नजर आ रही है तो कभी अकेले ही सफारी पर आए पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाती है। शनिवार को हुई यह साइटिंग सुबह की पारी में दर्ज की गई, जिसने पर्यटकों के सफारी अनुभव को यादगार बना दिया।सरिस्का में बाघों की सक्रियता और लगातार हो रही साइटिंग से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


