11 केवी करंट से डिस्कॉम कर्मचारी घायल:साथी ने सीपीआर देकर बचाई जान, अस्पताल में कराया भर्ती

चूरू शहर की गांधी कॉलोनी में शनिवार को 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से डिस्कॉम का एक तकनीकी कर्मचारी घायल हो गया। मौके पर मौजूद साथी कर्मचारी ने तुरंत सीपीआर देकर उसकी जान बचाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। घायल कर्मचारी की पहचान सुबेसिंह (35) के रूप में हुई है। डिस्कॉम कर्मचारियों के अनुसार, बुडानिया बास झुंझुनूं निवासी सुबेसिंह गांधी कॉलोनी पार्क के पास 11 केवी लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार झटका लगा और वे सीढ़ियों से नीचे गिर गए। मौके पर मौजूद डिस्कॉम कर्मचारी योगेन्द्र ने बताया कि नीचे गिरते ही सुबेसिंह के मुंह से झाग निकलने लगे। योगेन्द्र ने बिना देर किए सुबेसिंह को सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज किया। हादसे की सूचना मिलने पर डिस्कॉम के जेईएन कार्तिक शर्मा सहित अन्य कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। जेईएन शर्मा ने घायल सुबेसिंह की तबीयत की जानकारी ली और उनके उपचार का प्रबंध करवाया। इलाज के बाद सुबेसिंह को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *