गुड़ेल मंदिर चोरी का खुलासा, चांदी के छत्तर बरामद:आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू

सलूम्बर जिले के गींगला थाना क्षेत्र के गुड़ेल गांव स्थित नागणचिया माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी हुए चांदी के छत्तर बरामद करते हुए आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी नाथूसिंह (42) निवासी गुड़ेल ने गींगला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर की सुबह मंदिर में स्थापित प्रतिमा पर चांदी के तीन छोटे छत्तर मौजूद थे, लेकिन शाम की पूजा के दौरान वे गायब मिले। चोरी गए छत्तरों की कीमत करीब 17 से 18 हजार रुपए आंकी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध कालू उर्फ कालूलाल मीणा (28) निवासी घाटा धामनिया, हवजी फला, थाना लसाड़िया को हिरासत में लिया गया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी ने मंदिर में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्तर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा के खिलाफ पहले भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के सुपरविजन में की गई। वृत्ताधिकारी सलूम्बर हेरम्ब जोशी और गींगला थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। टीम में हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, गोपाल कृष्ण, हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), हनुमानराम, गजेन्द्र सिंह और अर्जुन सिंह शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *