जयपुर के छात्रों ने बनाया AI आधारित फोरेंसिक टूल:SIH-2025 सॉफ्टवेयर एडिशन में जीता पहला पुरस्कार

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) 2025 के सॉफ्टवेयर संस्करण के राष्ट्रीय स्तर के ग्रैंड फिनाले में, स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SKIT), जयपुर की छह सदस्यीय टीम “Innovate A’s” ने प्रथम पुरस्कार जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए टीम को 75 हजार रुपए की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का यह दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले 8 और 9 दिसंबर को दिल्ली एनसीआर स्थित केईआईटी (KEIT) विश्वविद्यालय के गाजियाबाद नोडल केंद्र में आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान समेत देश के कई राज्यों के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागी टीमों ने लगातार दो दिनों तक अपने सॉफ्टवेयर नवाचारों को विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया। SKIT जयपुर की विजेता टीम Innovate A’s में अनुष्का सिंह, अनन्य सिंह चौधरी, आरची राठौड़, अनिरुद्ध सिंह नरूका, अमन जोशी और आदित्य सारड़ा शामिल थे। टीम का मार्गदर्शन प्रांजल जैन ने किया। टीम ने गृह मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित समस्या विवरण SIH25198 पर कार्य करते हुए डिजिटल फोरेंसिक जांच को सशक्त बनाने के लिए एक एआई-आधारित UFDR (यूनिवर्सल फोरेंसिक एक्सट्रैक्शन डिवाइस रिपोर्ट) टूल विकसित किया। 36 घंटे तक चले इस हैकाथॉन में तीन मेंटरिंग और तीन मूल्यांकन चरण शामिल रहे। इस दौरान समस्या की गहरी समझ, टूल और तकनीकी प्रशिक्षण, वर्कफ़्लो डिज़ाइन और विभिन्न फोरेंसिक विश्लेषण मॉड्यूल्स के एकीकरण पर विशेष फोकस किया गया। लगातार कई घंटों तक चले विचार–मंथन, डिबगिंग और तकनीकी सुधार के बाद टीम ने अपना अंतिम प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया। परिणाम घोषित होने पर Innovate A’s टीम को संयुक्त विजेता के रूप में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न सिर्फ SKIT बल्कि जयपुर और राजस्थान के लिए भी गर्व का विषय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *