लुधियाना के जगराओं में लुटेरों ने एक महिला पुलिसकर्मी को निशाना बनाया। ड्यूटी से लौट रही महिला पुलिस कर्मी से लुटेरों ने पर्स छीना। छीना झपटी के दौरान महिला पुलिस कर्मी घायल हो गईं। लुटेरे उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़िता की पहचान मानूके गांव निवासी रवीनदीप गिल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में देहड़का गांव में रहती हैं। वह लुधियाना में तीसरी आईआरबी बटालियन में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। घटना के दिन वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बस से लुधियाना से जगराओं पहुंची थीं, जिसके बाद वह अपनी एक्टिवा से देहड़का गांव के लिए रवाना हुईं। जब रवीनदीप मैरी गोल्ड कोठे राहला के सामने डल्ला रोड पर पहुंचीं, तो पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी एक्टिवा को लात मार दी। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे गिर गईं और घायल हो गईं। इसी दौरान, लुटेरे एक्टिवा पर लटका उनका पर्स छीनकर डल्ला गांव की ओर फरार हो गए। छीने गए पर्स में नकदी, एक आईफोन, विभागीय आई-कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। रवीनदीप के शोर मचाने पर एक राहगीर ने उन्हें घर पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


