श्योपुर में अगरा थाना प्रभारी सुमेर धाकड़ पर आदिवासी युवक के साथ मारपीट करने और जबरन हथकड़ी लगाने का आरोप लगा है। इसे लेकर अगरा थाना क्षेत्र में शनिवार को तनाव की स्थिति बन गई, जब आदिवासी समाज के लोगों ने थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लोगों ने धरना दिया। SDOP राघवेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अगरा थाना प्रभारी (उप-निरीक्षक) सुमेर धाकड़ हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विजयपुर एसडीओपी (SDOP) को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जांच कर अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। लोग बोले- शख्स को पेड़ से बांधकर पीटा जानकारी के अनुसार, अगरा थाना क्षेत्र के मेवपुरा निवासी रामकिर आदिवासी को पुलिस ने चोरी के संदेह में शुक्रवार सुबह 9 बजे पकड़ा गया। मारपीट की गई और इसके बाद शाम पांच बजे बाद छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस उसे थाने ले जाने से पहले एक पेड़ से बांधकर पीटती रही। इसके बाद थाने के भीतर ले जाकर हथकड़ी पहनाकर पट्टों से मारपीट की गई। पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों ने की नारेबाजी इस घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग और ग्रामीण अगरा थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। थाना प्रभारी को हटाने की मांग स्थिति को संभालने के लिए एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि, प्रदर्शनकारी थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मौके पर पहुंचे धरना प्रदर्शन के दौरान सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तुरसनपाल बरैया भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अरविंद जादौन सहित अन्य ग्रामीणों ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। थाना प्रभारी ने कहा- मुझे घटना की जानकारी नहीं अगरा थाना प्रभारी सुमेर धाकड़ ने कहा कि मुझे इस घटना की कोई जानकारी नहीं है, मैं विजयपुर आया हूं। बच्ची की तबीयत खराब है, उसका इलाज कराने।


