फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव ढाबा में सेमनाले में एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गुरुप्यार सिंह के रूप में की, जो पिछले पांच दिनों से लापता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक गुरुप्यार सिंह गांव चक्क सैदोंके का रहने वाला था और लंबे समय से नशे का आदी था। मृतक के भाई बब्बू सिंह ने बताया कि गुरुप्यार पांच दिन पहले बाइक पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि उसकी बाइक गांव ढाबा के सेमनाले के पास खड़ी है। जब वे मौके पर पहुंचे तो गुरुप्यार का शव पानी में पड़ा हुआ मिला। परिवार का कहना है कि उसकी मौत नशे की वजह से हुई है। 3 दिन पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज मौके पर पहुंचे थाना वैरोका के एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले गुरुप्यार सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। उन्हें सूचना मिली कि सेमनाले में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर शव की पहचान करवाई गई, जिसमें मृतक की पहचान गुरुप्यार सिंह के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।


