एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जोधपुर में कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस के एएसआई को तीन लाख की रिश्वत लेते समय पकड़ा है। एसीबी चौकी जोधपुर ग्रामीण ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी प्रवीण क्राइम ब्रांच, पल्लव विहार, गुरुग्राम, हरियाणा में सहायक उप निरीक्षक है। एसीबी ने उसको परिवादी से 3,00,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की जोधपुर ग्रामीण इकाई को एक शिकायत इस आशय की प्राप्त हुई कि प्रवीण द्वारा परिवादी के मामा को प्रकरण संख्या 811/2025 पुलिस थाना सदर जिला गुरुग्राम, हरियाणा में दर्ज प्रकरण में पुलिस रिमाण्ड में परेशान नही करने व मदद करने के बदले में परिवादी से 3,00,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोपी से की जा रही पूछताछ इस पर उप महानिरीक्षक एसीबी, जोधपुर भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी जोधपुर ग्रामीण पारस सोनी के नेतृत्व में ट्रेप कार्यवाही करते हुए प्रवीण को 3,00,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया। अतिरिक्त महानिदेशक, एसीबी स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जाएगी।


