कबड्डी खिलाड़ी के कत्ल की योजना बनाते तीन युवक अरेस्ट, मुख्यारोपी 14 साल से था भगोड़ा

भास्कर न्यूज| जालंधर/नवांशहर नवांशहर की सीआईए स्टाफ की ओर से थाना पोजेवाल के गांव करीमपुर चाहवाला में होने वाले कबड्डी कप में युवक की हत्या करने की योजना बना रहे तीन युवकों को पुलिस की ओर से हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से तीन पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी(डी) सर्बजीत बाहिया ने बताया कि आरोपियों की पहचान जाडला के ननीश कुमार उर्फ मनीश कुमार (हाल वासी जालंधर), राज कुमार उर्फ राजा गांव मुरार थाना सुभानपुर जिला कपूरथला व साहिल गांव हमीरा थाना सुभानपुर जिला कपूरथला के रूप में हुई है। उन्हें जब्बोवाल नहर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ननीश कुमार के पास से 1 पिस्तौल 2 जिंदा कारतूस व राज कुमार के पास से एक पिस्तौल व 2 जिंदा कारतूस, साहिल के पास से 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीमपुर में चल रहे कबड्डी कप में जाना था। इस दौरान जाडला के राम कुमार पर हमला करना था। ननीश कुमार के खिलाफ पहले से ही 2 केस, राज कुमार के खिलाफ 3 केस और साहिल के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि आरोपितों के माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा व गहराई से पूछताछ की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है कि वह किन गैंगस्टर के संपर्क में थे और उन्होंने किनसे हथियार लिए थे। पुराने दोस्त को मारना चाहता था ननीश जाडला का रहने वाला ननीश अपने पुराने दोस्त जाडला के रहने वाले राम कुमार उर्फ रामा का कत्ल करना चाहता था। ननीश बलाचौर में वर्ष 2011 में हुए एक केस में शामिल था। वो पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक वो राम कुमार को जान से मारना चाहता था। इसका कारण था कि वो कहा करता था कि राम कुमार के कारण ही वर्ष 2011 में वो कत्ल केस में शामिल था। राम कुमार के कारण ही उसने कत्ल किया। राज कुमार व साहिल पिछले दिनों सुभानपुर थाने में हुई एक घटना में नामजद थे। दोनों ने सुभानपुर थाने में खड़ी एक इनोवा कार को आग लगा दी थी। इसके बाद इन्होंने वहां पर फायरिंग की और फरार हो गए। पिछले कई दिनों से यह लोग फरार चल रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *