बैकुंठपुर | कोरिया जिले के बैकुंठपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पतरापाली निवासी 4 वर्ष 7 माह की नित्या राजवाड़े को चिरायु योजना के माध्यम से नया जीवन मिला है। नित्या जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी। उसके पिता बबलू राजवाड़े और मां अनिता ने बताया कि जन्म से ही नित्या को कमजोरी, जल्दी थकान, सांस लेने में परेशानी और बार-बार सर्दी-खांसी की समस्या रहती थी। नित्या आंगनबाड़ी केंद्र पतरापानी-1 में पंजीकृत है। चिरायु टीम द्वारा किए गए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को पहचानते हुए जिला अस्पताल रेफर किया। इसके बाद बच्चे को उच्च उपचार के लिए एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया। चिरायु योजना के अंतर्गत नित्या को नारायणा हॉस्पिटल में भर्ती कर आवश्यक जांच के बाद सफल ऑपरेशन किया गया।


