भास्कर संवाददाता| राजगढ़ शनिवार को शहर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड के दो दिवसीय द्वितीय सोपान परीक्षण शिविर का समापन रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ। शिविर का शुभारंभ फ्लैग होस्टिंग, प्रार्थना एवं झंडा गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर गाइड कैप्टन राखी द्वारा विद्यालय की प्राचार्य रोमा सांखला का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया। प्राचार्य रोमा सांखला ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड के नियमों का पालन कर विद्यार्थी अनुशासित, जिम्मेदार और समाजसेवी नागरिक बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्काउट-गाइड की भावना को अपने जीवन में अपनाने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। प्रशिक्षण शिविर का समापन कैंप फायर के साथ किया गया, जिसमें स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने विभिन्न दिशाओं से आए संदेशवाहकों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, शांति एवं एकता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने स्काउट-गाइड अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन भारती यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन स्काउट-गाइड प्रभारी योगेश शर्मा द्वारा किया गया। शिविर में स्काउट मास्टर प्रेम किशन सुमन, नीरज सैनी, शिवेंद्र शर्मा, फ्लॉक लीडर प्रिया यादव सहित स्काउट-गाइड के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


