भास्कर संवाददाता | बैतूल 23 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर और प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड, कोठी बाजार में बन रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया और वीआईपी आवागमन, सुरक्षा, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात कलेक्टर और एसपी पुलिस ग्राउंड पहुंचे, जहां मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, विभागीय प्रदर्शनी एवं स्टॉलों की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तय समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


