भास्कर संवाददाता | बैतूल मध्य दिसंबर में ही कड़ाके की ठंड ने बैतूल जिले में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जिले में इस माह दूसरी बार न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 23.8 डिग्री रहा। इससे पहले 11 दिसंबर को भी पारा 7.5 डिग्री पर था। इससे पहले 2019 में पारा 7.7 डिग्री और 2022 में 6.7 डिग्री रहा था। आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट की संभावना है। मलकापुर स्टेशन के पास बुंडाला ग्राम क्षेत्र के खेत सुबह पाले की चपेट में नजर आए। खेतों में फसलों की पत्तियों और गन्ने के चीपे पर ओस जमने से खेतों में सफेदी दिखी। यदि तापमान लगातार गिरता रहा तो सब्जी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।


