बैतूल| सांपना बांध की नहर में सुराख कर पानी चुराए जाने का मामला उजागर करने के बाद जलसंसाधन विभाग के एसडीओ और इंजीनियर नहरों का मुआयना करने पहुंचे। यहां पर मिलानपुर के टोल नाके के समीप एक जगह पर नहर में छेद करके फोरलेन की पुलिया के नीचे से पानी बहाकर ले जाया जा रहा था। पता चला कि कुछ किसान यहां से पानी लेने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि यह पानी फोरलेन सड़क के दूसरी ओर नहीं पहुंच रहा था। यहीं पर फैल कर बर्बाद हो रहा था। इस पानी का सदुपयोग करने की सुध न तो इन किसानों ने ली थी और न ही विभाग ने पानी छोड़ने के बाद इसकी कोई व्यवस्था बनाई। इस जगह को तुरंत मिट्टी से मरम्मत करवाकर दुरुस्त करवाया गया। इसके साथ ही किसानों को हिदायत दी कि यदि पानी लेना है तो बिना बर्बादी सुरक्षित तरीके से नहर को नुकसान पहुंचाए बिना पानी लें। जलसंसाधन विभाग के एसडीओ भूपेन्द्र सूर्यवंशी ने बताया कि हमारी टीम ने सांपना बांध की नहर का मुआयना किया था। इस मुआयने के दौरान जहां पर पानी की बर्बादी मिली वहां पर इसे रुकवाया गया है। नहर की लगातार मॉनीटरिंग की जाएगी। भास्कर ने शनिवार के अंक में सांपना की नहर में तोड़फोड़ और सुराख करके पानी चोरी करने का मामला उजागर किया था।


