प्रयागराज का मशहूर अमरुद एक बार फिर चर्चा मे आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज के अमरुद के बहाने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए प्रयागराज के अमरुद की तारीफ की और नाम बदलने को लेकर कटाक्ष किया। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में अमरुद का जिक्कर करते हुए कहा कि “इलाहाबादी अमरुद” का स्वाद, मतलब लाजवाब-बेमिसाल! साथ ही उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा कि जिन्हें स्वाद न आए वो नाम बदलकर “प्रयागराजी अमरुद” समझकर खाएं,उनको सच में मिठास की बहुत जरूरत है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने प्रयागराज के सपा नेता संदीप यादव का अमरुद के साथ एक वीडियो भी साझा किया। हाल ही में संदीप यादव प्रयागराज का फेमस अमरुद लेकर अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे थे। वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने अमरुद की खूब तारीफ की। अखिलेश यादव के इस पोस्ट को भाजपा द्वारा नाम बदलने की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनका यह तंज तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रयागराज का अमरुद पहले से ही अपनी मिठास के लिए जाना जाता है और अब सियासी बयान के चलते एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।


