अनूपपुर जिले में कड़ाके की ठंड के मद्देनजर कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह छुट्टी 22 और 23 दिसंबर को रहेगा। इसके साथ ही, अन्य कक्षाओं के लिए स्कूल खुलने के समय में भी बदलाव किया गया है। जिले में इन दिनों न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है, जिससे कई सालों के सर्दी के रिकॉर्ड टूट गए हैं। बढ़ती ठंड के कारण स्कूली बच्चों और उनके पेरेंट्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पेरेंट्स की ओर से सुबह की पाली के समय में बदलाव की लगातार मांग की जा रही थी। बढ़ती ठंड के चलते कलेक्टर ने दिया आदेश अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने विद्यार्थियों और पेरेंट्स की इस मांग को स्वीकार करते हुए आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम मार्को ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन और बढ़ती ठंड को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालयों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश के अनुसार, 22 और 23 दिसंबर को कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पूर्ण छुट्टी रहेगा। वहीं, जो स्कूल दो पालियों में संचालित होते हैं, उनकी प्रथम पाली का संचालन समय 22 दिसंबर से आगामी आदेश तक सुबह 09:30 बजे से किया जाएगा।


